गढ़वा रमकंडा : नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

गढ़वा/रमकंडा: झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसमार गांव में हुई नाबालिग के साथ दुष्कर्म एवं हत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने करीब एक महीने बाद सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोबरदाहा गांव निवासी आरोपी धर्मेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि घटना के दिन नाबालिग युवती कसमार गांव में आयोजित एक शादी समारोह से शौच के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान आरोपी, जो अपने जीजा के घर रह रहा था, ने उसका पीछा किया। युवती के गिरने के बाद आरोपी उसे जबरन उठाकर अरहर के खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के तीसरे दिन पुलिस ने अरहर के खेत से युवती का शव बरामद किया था, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस जघन्य कांड का खुलासा करना पुलिस के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

जांच के दौरान पुलिस ने करीब 600 लोगों से पूछताछ की और 200 से अधिक मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाले। घटनास्थल से बरामद चप्पल के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

इस पूरे ऑपरेशन में रमकंडा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की गई है।

The LokSamvad
Author: The LokSamvad

“झारखंड और भारत की निष्पक्ष, तेज और भरोसेमंद खबरें। Ground Reporting | Breaking News | Public Issues

Leave a Comment